भास्कर न्यूज|चतरा सड़क सुरक्षा के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से उपायुक्त के निर्देशानुसार जिला परिवहन पदाधिकारी माहेश्वरी प्रसाद यादव के नेतृत्व में सड़क सुरक्षा माह–2026 के तहत मकर संक्रांति के शुभ अवसर पर चतरा शहर के समीप धगरटोली मोहल्ला मैदान में पतंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।इस प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन के दौरान प्रतिभागी बच्चों को पतंग, लटाई एवं मांझा उपलब्ध कराया गया। वहीं मकर संक्रांति के अवसर पर बच्चों एवं उपस्थित दर्शकों के लिए चूड़ा, दही, तिलकुट एवं गुड़ की भी व्यवस्था की गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति लोगों में जागरूकता लाना था। इस अवसर पर जिला परिवहन विभाग के सड़क सुरक्षा दूत राजकुमार वर्मा मुख्य रूप से उपस्थित थे। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई तथा अपील की कि सभी लोग यातायात नियमों का पालन करें और दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट का प्रयोग करें।कार्यक्रम में स्थानीय लोग, बच्चे एवं परिवहन विभाग के कर्मी उपस्थित थे।


