अंतरराज्यीय गिरोह के दो बदमाश मथुरा से गिरफ्तार:पन्ना में सस्ते लोन के नाम पर की थी ठगी, रुपए लेने के बाद हुए थे फरार

पन्ना पुलिस ने सस्ते लोन का लालच देकर ग्रामीण इलाकों में ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से ठगी की नकद राशि, फर्जी आईडी और प्रचार सामग्री बरामद की गई है। यह मामला सुनवानी थाना क्षेत्र के सिरसी पटना गांव का है। आरोपी खुद को ‘हनुमान फाइनेंस कंपनी लिमिटेड’ का कर्मचारी बताकर गांव पहुंचे थे। उन्होंने ग्रामीणों को समूह बनाकर कम ब्याज दर पर लोन दिलाने का झांसा दिया। गांव के 11 लोगों ने उनके झांसे में आकर एक समूह बनाया। आरोपियों ने उनसे आधार कार्ड, बैंक डिटेल जैसे दस्तावेज लिए और फाइल चार्ज के नाम पर प्रति व्यक्ति 2000 रुपये वसूले। कुल 22,000 रुपए लेने के बाद आरोपी अपने मोबाइल बंद कर फरार हो गए। तीन दिन बाद भी जब लोन की राशि खाते में नहीं आई, तो फरियादी जनकराम कोरी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर और एसडीओपी पवई भावना दांगी के मार्गदर्शन में, थाना प्रभारी सुनवानी हरवचन कुड़ापे के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। साइबर सेल की तकनीकी सहायता से पुलिस ने दमोह जिले के हटा से दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उन्होंने बताया कि वे ‘हनुमान फाइनेंस’ और ‘आर. गौतम कंपनी’ के नाम से फर्जी पंपलेट और आईडी कार्ड बनवाकर गांवों में ठगी करते थे। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मथुरा, उत्तर प्रदेश निवासी विष्णु कुमार जाटव (27 वर्ष) और बीरेन्द्र सिंह (36 वर्ष) के रूप में हुई है। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया है कि उन्होंने पन्ना के अलावा आसपास के अन्य जिलों में भी इसी तरह की ठगी की वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस ने उनके पास से 8,000 रुपए नकद, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, फर्जी आईडी कार्ड, लोन फॉर्म, कंपनी के पंपलेट, प्रचार सामग्री और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। इस बड़ी कामयाबी में थाना प्रभारी निरी. हरवचन कुड़ापे, सउनि प्रेमलाल शर्मा, प्र.आर. अजेश वेदी, सेवक लाल, आरक्षक भरत और पन्ना साइबर सेल टीम का विशेष योगदान रहा। पुलिस अब इस गिरोह के तीसरे साथी सोनू शर्मा की तलाश कर रही है।
​पन्ना पुलिस ने लोगो से अपील की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति को लोन के नाम पर नकद राशि या निजी दस्तावेज न दें। संदेहास्पद स्थिति में तुरंत नजदीकी थाने को सूचित करें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *