मंदिरों और दुकानों को निशाना बनाने वाले एक अंतरराज्यीय चोर गिरोह का प्रतापगढ़ की सालमगढ़ थाना पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मोबाइल दुकान में हुई चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी का माल बरामद किया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने 7 अन्य चोरी की वारदातें कबूल की हैं। दुकान से चुराए थे 8 मोबाइल सालमगढ़ थानाधिकारी दीपक कुमार ने बताया- इस मामले में मध्यप्रदेश के रतलाम के जावरा हाल दलोट, प्रतपागढ़ निवासी प्रदीप ने मामले में शिकायत दी थी। प्रदीप ने शिकायत में बताया कि उसकी प्रियंशी मोबाइल दुकान दलोट मेन बाजार, हाट चौक में स्थित है। 20 जनवरी 2026 की रात चोरों ने दुकान से आठ मोबाइल फोन चोरी कर लिए थे। थाना क्षेत्र के रहने वाले दो आरोपी गिरफ्तार मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी सबूतों के आधार पर दो आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भाटभमरिया, सालमगढ़ निवासी कमलेश और बाजनी, सालमगढ़ निवासी प्रकाश उर्फ रवि के रूप में हुई है। आरोपियों ने 7 अन्य वारदात करना भी कबूल किया पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर 7 अन्य चोरी की वारदातें करने की बात कबूल की। इनमें करीब तीन माह पहले रतलाम जिले के कस्बा सरवन स्थित शनि मंदिर, जावरा से लगभग 10 किलोमीटर दूर रतलाम हाईवे पर स्थित एक मंदिर से दो स्पीकर और 2 से 3 हजार रुपये नकदी, पिपलोदा बस स्टैंड के सामने स्थित मंदिर से दानपात्र चोरी करना भी उन्होंने कबूला। इसके अलावा, आरोपियों ने बताया कि करीब एक माह पहले रतलाम के बाहर सैलाना बस स्टैंड के आगे चौराहे पर स्थित एक मोबाइल दुकान से ईयरफोन, पावर बैंक, घड़ियां और नकदी चोरी की थी। उसी रात उन्होंने पास की नमकीन दुकान से तीन हजार रुपए नकद भी चुराए थे। जावरा बाहर पिपलोदा चौपाटी स्थित एक अन्य नमकीन दुकान से दो हजार रुपए नकद और वहीं स्थित किराना दुकान से आठ हजार रुपए नकद व एक मोबाइल चोरी करना भी उन्होंने स्वीकार किया है।


