झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूजे) के बीए-सुदूर पूर्व भाषा (चीनी भाषा) के सेकेंड ईयर के छात्र राहुल पंडित ने अंतरराष्ट्रीय ‘चीनी ब्रिज’ प्रतियोगिता में दूसरा स्थान हासिल किया है। पुरस्कार के तौर पर राहुल पंडित, चीन देश के सांस्कृतिक अनुभव के लिए बीजिंग, शंघाई और शिजियाझुआंग की पंद्रह दिन की यात्रा करेंगे। जहां वे भारत और सीयूजे का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व करेंगे। राहुल पंडित ने अपनी उत्कृष्ट चीनी भाषा क्षमता, गहरी सांस्कृतिक समझ और आत्मविश्वासपूर्ण प्रस्तुति से निर्णायकों को प्रभावित किया और राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त कर पहचान बनाई। प्रतियोगिता में देश के 15 विश्वविद्यालयों के छात्रों ने इस प्रतियोगिता में भाग लिया। जवाहरलाल नेहरू विवि, बनारस हिंदू विवि, विश्व भारती विवि, गुजरात केंद्रीय विवि, सावित्रीबाई फुले विवि, सिक्किम विवि व एमिटी विवि जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के प्रतिभाशाली छात्रों ने भाग लिया। विवि के कुलपति प्रो. क्षिति भूषण दास ने राहुल और सुदूर पूर्व भाषा विभाग को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि हमारे छात्रों और शिक्षकों की मेहनत और लगन को दर्शाता है। इसी तरह से और बेहतर कार्य कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय और राज्य का नाम रोशन करें। विभागाध्यक्ष प्रो. रबींद्रनाथ शर्मा ने भी सभी को बधाई दी। कहा कि यह सफलता सुदूर पूर्व भाषा विभाग के शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन के कारण संभव हुआ। उन्होंने सभी शिक्षकों, डॉ. अर्पणा राज, डॉ. संदीप विश्वास और श्री सुशांत कुमार की सराहना की। विभाग की प्लेसमेंट अधिकारी डॉ. अर्पणा राज ने कहा कि विभाग इस उपलब्धि से अत्यंत उत्साहित है भविष्य में और विद्यार्थी अपनी पहचान बनाएंगे।


