अंतरराष्ट्रीय बाजार में शुक्रवार को कीमत में आई जोरदार गिरावट से शनिवार को जयपुर सर्राफा बाजार में सोना स्टैंडर्ड तथा 22 जेवराती सोना एक ही दिन में 1,300 रुपए प्रति दस ग्राम सस्ता हो गया। इसके साथ सोना एक दिन बाद अपने रिकॉर्ड स्तर से फिसल गया। इससे पहले इस साल डेढ़ महीने में सोने 12 बार कीमत का नया रिकॉर्ड बना निवेशकों को 12 फीसदी रिटर्न दिया था। सोने में गिरावट के समर्थन में चांदी भी 1,400 रुपए प्रति किलोग्राम नीचे उतर गया। स्थानीय बाजार में इस सप्ताह सोना 200 रुपए प्रति दस ग्राम तथा चांदी 400 रुपए प्रति किलोग्राम सस्ती हुई है। दूसरी तरफ, मुनाफा वसूली के लिए बिकवाली बढ़ने से शुक्रवार को कारोबार समाप्ति पर अमेरिकी वायदा एक्सचेंज कॉमेक्स में अप्रेल डिलीवरी सोना 51.70 डॉलर घटकर 2,893.70 डॉलर तथा मार्च डिलीवरी चांदी 0.071 डॉलर की गिरावट से 32.655 डॉलर प्रति आउंस पर बंद हुई। उधर, अमेरिकी न्यूज एजेंसी के वीकली गोल्ड सर्वे में हिस्सा लेने वाले 71 फीसदी बाजार विश्लेषकों तथा 65 फीसदी खुदरा निवेशकों ने अगले सप्ताह सोने में तेजी रहने का अनुमान लगाया है। बाजार विश्लेषकों का कहना है कि ट्रेड वार की अनाशंका और मौजूदा भू-राजनितिक हालात के मद्देनजर अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 3,000 डॉलर प्रति आउंस के स्तर तक पहुंचने की संभावना है। इसके चलते सोने में मौजूदा गिरावट अस्थाई है। सर्राफा ट्रेडर्स कमेटी, जयपुर के भाव : चांदी (999) 99.8, चांदी रिफाइनरी 99.3 रुपए प्रति ग्राम। सोना स्टैंडर्ड 8,840 रुपए, सोना जेवराती 8,290 तथा वापसी 7,990 रुपए प्रति ग्राम।


