रांची | अंतरराष्ट्रीय समपार फाटक जागरूकता दिवस के अवसर पर रांची रेल मंडल के दो अत्यधिक व्यस्त समपार फाटकों हटिया और बालसिरिंग रेलवे स्टेशनों के बीच स्थित एचबी-01 तथा रांची और पिस्का रेलवे स्टेशनों के बीच स्थित एमएच-33 पर जागरूकता अभियान चलाया गया। नागरिकों और सड़क उपयोगकर्ताओं को समपार फाटकों पर आवश्यक सावधानियां बरतने तथा उन्हें सुरक्षित पार करने संबंधी नियमों की जानकारी दी गई। रेलवे बोर्ड और जोनल मुख्यालय, दक्षिण पूर्व रेलवे के निर्देशानुसार यह अभियान रांची मंडल के वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में, सहायक मंडल संरक्षा अधिकारी, संरक्षा सलाहकार तथा नागरिक सुरक्षा संगठन के स्वयंसेवकों द्वारा संयुक्त रूप से चलाया गया। मानवयुक्त समपार फाटकों पर सड़क उपयोगकर्ताओं और वाहन चालकों को मौखिक रूप से जानकारियां दी गईं।


