अंता विधानसभा सीट पर उपचुनाव की घोषणा:21 अक्टूबर तक नामांकन, 11 नवंबर को होगा मतदान

बारां के अंता विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव की घोषणा कर दी गई है। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, इस सीट पर 11 नवंबर 2025 (मंगलवार) को मतदान होगा और 14 नवंबर 2025 को मतगणना की जाएगी। यह जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी रोहिताश्व सिंह तोमर ने दी। जिलाधिकारी ने बताया कि उपचुनाव के लिए अधिसूचना 13 अक्टूबर 2025 को जारी होगी। इसके साथ ही नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। नामांकन पत्र जमा कराने की अंतिम तिथि 21 अक्टूबर 2025 तय की गई है। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 23 अक्टूबर को होगी, जबकि 27 अक्टूबर तक नामांकन पत्र वापस लिए जा सकेंगे। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा होते ही अंता विधानसभा क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों, उम्मीदवारों और नागरिकों से आचार संहिता का पूर्ण पालन करने की अपील की है। अंता विधानसभा क्षेत्र में कुल 2,27,563 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 1,16,405 पुरुष, 1,11,154 महिला और 4 अन्य मतदाता शामिल हैं। ये सभी मतदाता विधानसभा क्षेत्र में स्थापित 268 मतदान केंद्रों पर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *