शहर के अंबामाता सेटेलाइट हॉस्पिटल में अब रात्रिकालीन ओपीडी भी शुरू कर दी गई है। रोजाना दोपहर 3 से रात 9 बजे तक ओपीडी चलेगी। ऐसे में अंबामाता व आस-पास के लोगों को नॉन क्रिटिकल बीमारियों का भी इलाज मिलेगा। इसके अलावा सुबह की ओपीडी के मरीजों में भी कमी आएगी। प्रधानाचार्य एवं नियंत्रक डॉ. विपिन माथुर की अध्यक्षता में गुरुवार को बैठक की गई। इसमें अंबामाता स्थित सुंदर सिंह भंडारी राजकीय जिला अस्पताल में में रात्रिकालीन ओपीडी सेवाएं शुरू करने का निर्णय किया गया। इसमें शिशु रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ और चिकित्साधिकारी सेवाएं देंगे। सामान्य व नॉन क्रिटिकल रोगी, जिनको पेट दर्द, सिर दर्द, उल्टी, बुखार जुकाम आदी का इलाज किया जाएगा। डॉ. जैन ने बताया कि आगामी कुछ दिनों में मेडिसिन एवं सर्जरी विभाग की यूनिट भी लगाई जाएगी। इससे वरिष्ठ फिजिशियन और सर्जन की सेवाएं चिकित्सालय में उपलब्ध हो सकेगी। बैठक में सेटेलाइट के अधीक्षक डॉ. राहुल जैन, मेडिकल कॉलेज के स्त्री एवं प्रसूति रोग, शिशु रोग एवं निश्चेतन विभाग के विभागाध्यक्ष उपस्थित थे। रोज औसत 1100 मरीज, 8 से ज्यादा विभागों के विशेषज्ञों की सेवाएं सेटेलाइट हॉस्पिटल में रोजाना 900 से 1100 मरीज रोजाना इलाज के लिए आते हैं। हॉस्पिटल में मेडिसिन, स्त्री प्रसूति रोग, शिशु रोग, नेत्र रोग, दंत रोग, निश्चेतक, पैथोलॉजी विभाग के डॉक्टर है। हाल ही में मेडिकल कॉलेज से 3 यूनिट स्त्री प्रसूति रोग, शिशु रोग, निश्चेतन विभाग की यूनिट हॉस्पिटल में लगाई गई है।


