अंबिकापुर में एक अजीब तरह की घटना सामने आई है। दरअसल, रिंगरोड में बुधवार की दोपहर खड़ी कार को टक्कर मारने के बाद गिरे बाइक सवार युवक की मौत हो गई। डॉक्टर ने मौत की वजह हादसा नहीं, बल्कि हार्ट अटैक बताया है। इस हादसे का फुटेज आसपास की दुकानों में लगे सीसी कैमरे में कैद हो गया है। गोविंदपुर निवासी सिरिल तिर्की (35) बाइक से बस स्टैंड की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसे हार्ट अटैक आया और उसने अपनी बाइक की रफ्तार धीरे-धीरे कम की। इसके बाद सड़क किनारे खड़ी कार से जा टकराया और वह वहीं बाइक समेत गिर गया। आसपास मौजूद लोगों ने युवक को अस्पताल पहुंचाया था, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना गांधीनगर थाना पुलिस को दी गई।


