अंबिकापुर रिंगरोड में वृद्धा से चैन व कंगन की लूट:मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला से बाइक सवारों ने लूटा 4 लाख का जेवर, हुए फरार

अंबिकापुर जिला मुख्यालय के रिंगरोड में मॉर्निंग वॉक के लिए निकली वृद्ध महिला से बाइक सवार युवकों ने सोने के चैन एवं दो कंगन लूट लिया और भाग निकले। लुटेरे दो बाइकों में सवार थे। कुल लूट चार लाख रुपए से अधिक की बताई गई है। घटना के बाद पुलिस ने बिना नंबर के वाहनों की जांच तेज कर दी है। घटनास्थल का कोई सीसीटीवी फुटेज पुलिस को नहीं मिल सका है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, अंबिकापुर के चोपड़पारा निवासी पानो देवी पति स्व.योगेंद्र मंडल (70) वर्ष रविवार सुबह अपने पड़ोस की महिला के साथ मॉर्निंग वाक पर निकली थी। सुबह करीब 7.45 बजे वह रिंगरोड में काली मंदिर के पास पहुंची एवं दोनों महिलाएं विश्राम करने के लिए रिंग रोड के डिवाइडर पर बैठ गए। उसी समय दो बाइकों में सवार चार युवक मौके पर पहुुंचे। युवकों ने महिलाओं को बैठे हुए देखा और आगे बढ़ गए और बाइक मोड़कर फिर से लौटे। युवकों ने वापस आकर उनके पास बाइक रोक दी। सोने के कंगन उतरवाए, चैन छिनी और भाग निकले
युवकों ने पानो देवी के गले में पहना हुआ सोने का चैन खींच लिया और उसके द्वारा हाथ में पहने कंगनों को जबरदस्ती उतार लिया। कंगन एवं चैन छिनने के बाद चारों युवक दो बाइकों में बैठकर गांधी चौक की ओर भाग निकले। घटना की सूचना कोतवाली थाने को दी गई। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज किया। पास ही लगे वी 2 माल सहित अन्य दुकानों में लगे सीसी कैमरों को खंगाला गया, लेकिन रिंगरोड के डिवाइडर में लगी झाड़ियों के कारण घटना सीसी टीवी कैमरों में रिकार्ड नहीं हो पाई। युवकों का सुराग नहीं, पुलिस ने तेज की जांच अंबिकापुर के चौक चौराहों में लगे पुलिस के अधिकांश कैमरे खराब हो गए हैं। इसके कारण पुलिस को युवकों का सुराग नहीं मिल सका। पीड़ित महिला के अनुसार चारों युवक हेलमेट पहने हुए थे, जिसके कारण वह उनका चेहरा नहीं दिख सकी। बाइकों में भी नंबर प्लेट नहीं थे। घटना के बाद पुलिस ने शहर में बिना नंबर के बाइकों की जांच तेज कर दी है। सीएसपी राहुल बंसल ने बताया कि लुटेरों का पता नहीं चल सका है। बिना नंबर के वाहनों की जांच की जा रही है। हमारा उद्देश्य चालान काटना नहीं है। बिना नंबर के बाइक अपराधों में संलिप्त हो सकते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *