अंबेडकर को अंग्रेजों का गुलाम कहा, वकील पर FIR हो:मऊगंज में बसपा ने कलेक्टर से कहा- जातिवादी लोग देश तोड़ना चाहते

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने सोमवार को कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के खिलाफ अधिवक्ता अनिल मिश्रा की सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में दिया गया। बसपा जिलाध्यक्ष अनीता सुमन के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे। ज्ञापन में कहा गया कि अनिल मिश्रा ने डॉ० अम्बेडकर को ‘गंदा व्यक्ति, अंग्रेजों का गुलाम और उन्हें संविधान निर्माता न कहा जाए ऐसा वक्तव्य दिया है। जो निश्चित ही हमारे देश के प्रति किसी गहरी साजिश की आशंका है। ऐसा लगता है कि अनिल मिश्रा जैसे जातिवादी लोगों के माध्यम से विदेशी शक्तियों भारत देश में सांप्रदायिकता भड़का कर देश को तोड़ना चाहती हैं। बसपा ने मांग की है कि इस मामले में अनिल मिश्रा के खिलाफ राष्ट्रद्रोह और सामाजिक सौहार्द भंग करने की धाराओं के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए। जिलाध्यक्ष अनीता सुमन ने कहा कि डॉ. अंबेडकर भारतीय संविधान के निर्माता हैं। उनके विरुद्ध की गई टिप्पणी राष्ट्र की एकता और संविधान की गरिमा पर प्रहार है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो बसपा सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान बसपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता नारे लगाते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे और अंबेडकर विरोधी बयानों की निंदा की। पुलिस प्रशासन ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *