अक्षय फुलवारे हत्याकांड में निष्पक्ष जांच की मांग:पीड़ित परिवार और समाज के लोग पहुंचे एसपी कार्यालय, गला रेतकर शव को 2 मंजिल से फेंका था

धार जिले के पीथमपुर में 24 दिसंबर को हुए अक्षय फुलवारे हत्याकांड को लेकर पीड़ित परिवार और समाज के लोग मंगलवार को एसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष और गहराई से जांच कराने की मांग की। परिजनों ने बताया कि अक्षय फुलवारे के मकान में किराए से रहने वाले अनिल विश्वकर्मा ने उसकी गला रेतकर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को दो मंजिला मकान से नीचे फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन परिवार का कहना है कि जांच सही तरीके से नहीं की जा रही है और कई अहम बातों को नजरअंदाज किया गया है। परिजन बोले- प्रशासन ने सही जांच नहीं की
मृतक के पिता बाग सिंह ने बताया कि घटना के बाद से कुछ अज्ञात लोग उनके घर आकर धमकी दे रहे हैं। इससे पूरा परिवार डर के माहौल में जी रहा है। उन्होंने प्रशासन से परिवार की सुरक्षा की मांग की है। समाज के प्रतिनिधि डॉ. हेमंत हिरोले ने कहा कि हत्या के पीछे की असली वजह और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की सही जांच नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार तो किया गया, लेकिन उससे पुलिस रिमांड नहीं ली गई, जिससे कई जरूरी जानकारियां सामने नहीं आ पाईं। डॉ. हिरोले ने शासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद देने की भी मांग की। उन्होंने पीथमपुर इलाके में बढ़ती नशाखोरी पर चिंता जताई और कहा कि क्षेत्र में गांजा, अफीम, चरस और शराब की अवैध बिक्री खुलेआम हो रही है, लेकिन पुलिस और आबकारी विभाग कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। ज्ञापन मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी ने लोगों को भरोसा दिलाया कि मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *