भास्कर न्यूज | गिरिडीह अखिल विश्व गायत्री परिवार के बैनर तले गावां प्रखंड के गदर, गावां एवं नगवां क्षेत्रों में साप्ताहिक विचार गोष्ठी कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा एवं उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आध्यात्मिक चेतना का प्रसार, सामाजिक कुरीतियों का उन्मूलन तथा नैतिक मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाना रहा। गोष्ठी के दौरान उपस्थित साधकों एवं श्रद्धालुओं द्वारा गायत्री मंत्र की सामूहिक साधना की गई, जिससे वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण हो गया। इसके पश्चात गुरु माता के जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर उनके विचारों एवं संदेशों का वाचन किया गया। वक्ताओं ने गुरु माता के जीवन दर्शन, सेवा, साधना एवं संस्कार निर्माण पर विस्तार से प्रकाश डाला।कार्यक्रम में समाज में बढ़ती नशाखोरी पर गहरी चिंता व्यक्त की गई तथा इसे जड़ से समाप्त करने के लिए ठोस कदम उठाने का निर्णय लिया गया। इस क्रम में विद्यालयों एवं सत्संग स्थलों पर नशा उन्मूलन से संबंधित बैनर लगाने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया, ताकि युवाओं और आमजन को जागरूक किया जा सके। इसके साथ ही गायत्री परिवार द्वारा प्रकाशित पत्रिका के महत्व पर चर्चा की गई और अधिक से अधिक नए पाठक जोड़ने तथा नियमित रूप से पत्रिका पढ़ने के लिए लोगों को प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पाँच नए सदस्यों को पत्रिका का सदस्य बनाया गया। गायत्री परिवार से जुड़ी अंजू देवी, लखन विश्वकर्मा तथा महिला मंडल गावां द्वारा की गई। आयोजन को सफल बनाने में महिला मंडल एवं स्थानीय कार्यकर्ताओं का सराहनीय योगदान रहा। इस तरह के रचनात्मक और प्रेरणादायी कार्यक्रमों को नियमित रूप से आयोजित करने का संकल्प लिया।


