रांची सहित राज्य के अधिकतर जिलों में मंगलवार को शाम से ही मौसम का मिजाज बदलने लगा। सुबह से दोपहर तक बादल छाने की वजह से न्यूनतम तापमान बढ़कर 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया। इस वजह से ठंड से कुछ राहत मिली थी, लेकिन दोपहर बाद आसमान साफ होते ही एक बार फिर ठंडी हवा चलने लगी। बर्फीली हवाओं के झोंके से लोग अपने घरों में ही दुबके रहे। रात में सड़कों पर चहल-पहल कम हो गई। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि 8 और 9 जनवरी को न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी। इस वजह से ठंड बढ़ेगी। 10 जनवरी को कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। 11 और 12 जनवरी से उत्तर-पश्चिमी भारत में पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखेगा। इस वजह से उत्तर-पश्चिमी भारत में बारिश और बर्फबारी होगी। इसका असर झारखंड पर भी दिखेगा। ठंड से कुछ राहत मिलेगी। 11 जनवरी को सुबह से न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी। 13 जनवरी से न्यूनतम तापमान में फिर गिरावट होगी। मौसम में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव से सबसे अधिक परेशानी बच्चे-बुजुर्गों को होगी। क्योंकि, बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर असर पड़ेगा। इससे बचाव के लिए बच्चे-बुजुर्गों को ठंड से बचाने के लिए विशेष ध्यान देने की सलाह दी गई है। आज से 2 दिन घना कोहरा, यलो अलर्ट जारी मौसम विभाग रांची ने 7 और 8 जनवरी को घने कोहरा का यलो अलर्ट जारी किया है। राज्य के उत्तर- पश्चिम एवं दक्षिण-पूर्वी क्षेत्र के अन्तर्गत आने वाले पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां सहित अन्य जिलों में घना कोहरा छाया रहेगा। इस दौरान न्यूनतम तापमान 7 से 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। शहर के आसपास के क्षेत्रों में भी कोहरा की वजह से सड़कों पर विजिबिलिटी कम होने की संभावना है। ऐसे में सावधानी से वाहन चलाने की नसीहत दी गई है। पलामू सहित कई क्षेत्रों में बारिश से बढ़ी ठंड : राज्य के कई क्षेत्रों में पिछले 24 घंटे के दौरान हल्की बारिश हुई है। डाल्टनगंज सहित आसपास के जिलों में बारिश होने से मौसम में बदलाव देखा गया। दोपहर बाद ठंडी हवाएं चलने लगी। इधर, सुबह में शहर में धुंध और आसपास के क्षेत्रों में कोहरा छाया रहा। सबसे अधिक उच्चतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस चाईबासा का और सबसे कम न्यूनतम तापमान गुमला का 7.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।


