भास्कर न्यूज | गिरिडीह जिले में आगामी 9 दिनों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार 24 और 25 जनवरी को सुबह के समय जिले में कोहरा अथवा कुहासा छाया रहेगा, जबकि दिन चढ़ने के साथ आंशिक बादल देखने को मिलेंगे। इस दौरान मौसम शुष्क बना रहेगा। वहीं 26 जनवरी से 1 फरवरी तक सुबह हल्का कोहरा या कुहासा रहेगा, लेकिन बाद में आसमान मुख्यतः साफ रहेगा और मौसम पूरी तरह शुष्क रहने की संभावना है।अगले नौ दिनों के दौरान तापमान में भी हल्का उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। डॉ कुलदीप नारायण ने बताया कि सुबह के समय कोहरा और कुहासा रहने के कारण सड़क यातायात और रेल परिचालन पर आंशिक प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने लोगों को सुबह के समय सावधानी बरतने, खासकर वाहन चलाते समय धीमी गति और लाइट का प्रयोग करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि ठंड के कारण बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। सामान्य तापमान रबी फसलों के लिए अनुकूल : वहीं कृषि विशेषज्ञ और मौसम वैज्ञानिक मधुकर कुमार ने बताया कि शुष्क मौसम और सामान्य तापमान रबी फसलों के लिए अनुकूल सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि गेहूं, चना, सरसों और मटर जैसी फसलों के लिए यह मौसम लाभकारी है। हालांकि सुबह के समय पड़ने वाले कोहरे से पत्तियों पर नमी बनी रह सकती है, जिससे फसल में रोग लगने की संभावना रहती है। ऐसे में किसानों को सलाह दी गई है कि वे खेतों में नियमित निगरानी रखें और आवश्यकता अनुसार रोग नियंत्रण के उपाय अपनाएं। कृषि वैज्ञानिक ने किसानों से यह भी अपील की कि वे सिंचाई का कार्य मौसम को ध्यान में रखते हुए करें और अधिक नमी से बचाव करें। कुल मिलाकर आने वाले दिनों का मौसम मानव जीवन के लिए सामान्य रहेगा, जबकि रबी फसलों के उत्पादन के लिहाज से इसे अनुकूल माना जा रहा है।


