भास्कर न्यूज | गिरिडीह नगर थाना क्षेत्र के मकतपुर में शुक्रवार को दिनदहाड़े एक 70 वर्षीय वृद्ध महिला गीता देवी से करीब 5 लाख रुपए के सोने की चेन और कंगन छीनकर तीन अपराधी फरार हो गए। घटना उस समय हुई जब महिला अपने बेटे के साथ इंडियन ओवरसीज बैंक, मकतपुर में पैसे जमा कर वापस लौट रही थी। पुलिस के मुताबिक, दोपहर करीब 2 बजे अपने पुत्र नन्हे कुमार के साथ स्कूटी पर जा रही गीता देवी को मकतपुर–यातायात थाना के समीप तीन बाइक सवार अपराधियों ने रोका। एक आरोपी ने बेटे को हेलमेट नहीं पहनने का बहाना बनाकर रुकवाया और दुकान के पास ले गया। इसी बीच दूसरा आरोपी महिला के पास आया और कहा कि इतनी महंगी चेन-कंगन पहनकर बाजार क्यों जाती हैं। डर से महिला ने अपने गले की चेन और दोनों हाथों के कंगन खोलकर एक रुमाल में बांध दिए। अपराधियों ने रुमाल लेकर महिला को एक कागज़ में पितल का कंगन थमा दिया और कहा कि घर जाकर खोलकर रख दें। जब महिला ने घर पर रुमाल खोला, तो उसमें उसके सोने की चेन और कंगन की जगह पितल का कंगन निकला। पीड़ित महिला ने बताया कि उसके दोनों हाथों में चार-चार तोला का कंगन और गले में दो तोला की चेन थी ।


