सरकारी स्कूलों के वर्ष 2025 का अवकाश कैलेंडर स्टेट काउंसिल ऑफ एजुकेशनल रिसर्च एंड ट्रेनिंग (एससीईआरटी) ने मंगलवार को जारी कर दिया है। इस बार भी पिछले साल की तरह 60 दिन छुट्टी रहेगी। लेकिन, गर्मी की छुट्टी पांच दिन कम रहेगी। 2024 में गर्मी की छुट्टी 17 दिन थी। 2025 में सिर्फ 12 दिन रहेगी। उर्दू स्कूलों में शुक्रवार यानी जुमा के दिन अवकाश रहता है। लेकिन, कैलेंडर में आठ शुक्रवार को भी छुटिट्यों में शामिल कर लिया गया है। अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के मुख्य प्रवक्ता नसीम अहमद बताते हैं कि उर्दू स्कूलों में शुक्रवार अवकाश को छुट्टियों में शामिल कर दिया गया है। इसमें तत्काल सुधार करना होगा। अवकाश कैलेंडर में इस तरह की गलती समझ से परे है। शिक्षा विभाग ने कहा है कि यह कैलेंडर आवासीय विद्यालयों को छोड़कर सभी सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों में लागू होगा। समर और विंटर छुट्टी में हो सकेगा संशोधन: समर और विंटर वेकेशन में मौसम के अनुसार छुटिट्यों में संशोधन किया जा सकता है। अत्यधिक गर्मी और अत्यधिक ठंड की स्थिति में संशोधित अवकाश जारी होगा। संबंधित जिला द्वारा निर्धारित पांच अवकाश के अलावा उपायुक्त या विभागीय सचिव के आदेश से छुट्टी घोषित किया जाता है, तो उसकी क्षतिपूर्ति रविवार या अन्य अवकाश के दिन क्लास लेकर होगा। सरकारी स्कूलों में हर माह के तीसरे शनिवार को छुट्टी रहती है। लेकिन स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के अवकाश कैलेंडर में तीसरे शनिवार को अवकाश घोषित किया गया है, जो पहले से ही घोषित है। 16 अगस्त और 15 सितंबर को तीसरा शनिवार पड़ रहा है, लेकिन इन दो दिनों को अवकाश घोषित किया गया है।


