राज्य में 500 नई एंबुलेंस खरीदी जाएंगी और 300 बाइक एंबुलेंस का भी होगा संचालन : डॉ. इरफान

राज्य में स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार का काम शुरू कर दिया गया है। एंबुलेंस नहीं मिलने से किसी की जान नहीं जाएगी। सरकारी एंबुलेंस की संख्या बढ़ाने की प्रक्रिया चल रही है। आने वाले दिनों में 500 नई एंबुलेंस खरीदी जाएंगी। साथ ही शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में 300 बाइक एंबुलेंस भी चलाई जाएगी। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने मंगलवार को मीडिया से बातचीत में उक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि राज्य में संचालित तमाम एंबुलेंस की जांच कराई जाएगी। विभागीय अधिकारियों को इस बाबत निर्देश दिए गए हैं। अक्सर एजेंसी की शिकायतें मिल रही हैं। व्यवस्था सुधारने के लिए जरूरत पड़ने पर एजेंसी को भी बदलने में देर नहीं की जाएगी। इससे पहले स्वास्थ्य मंत्री ने मंगलवार को स्वास्थ्य सचिव व अन्य पदाधिकारियों के साथ बैठक की और एंबुलेंस की लचर व्यवस्था को तत्काल ठीक करने का निर्देश दिया। दरअसल, दैनिक भास्कर में मंगलवार को ‌‘108 सेवा… कॉल करने के 60 मिनट बाद भी नहीं आती एंबुलेंस, मरीज की हो रही मौत’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की गई। इसके बाद राज्य की राजनीति गरमा गई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक बाबूलाल मरांडी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में 108 एंबुलेंस सेवा की राज्य में व्यवस्था पर सवाल उठाए। 100 से ज्यादा लोगों ने भास्कर की खबर को अपने सोशल मीडिया एकाउंट पर पोस्ट करते हुए स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाए। मंत्री बोले-ऐसी घटना की पुनरावृत्ति नहीं होगी : स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भी अपने सोशल मीडिया हैंडल से भास्कर की खबर को पोस्ट कर लिखा- सभी लोगों की स्वास्थ्य सुरक्षा हमारी सरकार की प्रा​थमिकता है। कुछ कर्मियों व एजेंसियों की कोताही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वर्तमान व्यवस्था में सुधार लाते हुए भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति नहीं होने देंगे। अबुआ सरकार लोगों के स्वास्थ्य सुरक्षा की गारंटी देगी। मुख्यमंत्री जी, संसाधनों एवं इलाज की पुख्ता व्यवस्था करें : बाबूलाल झारखंड में 108 एंबुलेंस सेवा, जो आपातकालीन चिकित्सा सहायता के लिए जनजीवन का अहम हिस्सा है, गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एंबुलेंस के रिस्पांस टाइम में भारी देरी हो रही है। शहरों में औसतन 25 मिनट और ग्रामीण इलाकों में 40 मिनट का समय लगना तय है, लेकिन वास्तविकता इससे भी ज्यादा चिंताजनक है। मुख्यमंत्री जी, लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ करना बंद करें और तत्काल सार्थक कदम उठाकर इस संवेदनशील मुद्दे पर गंभीरता से विचार करें। भाजपा झारखंड के ऑफिशियल सोशल मीडिया पोस्ट में भी लिखा गया है कि झारखंड में 108 एंबुलेंस सेवा का हाल चिंताजनक है। स्वास्थ्य मंत्री ​कल रिम्स में करेंगे बैठक : स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि रिम्स राज्य का गौरव है। यहां स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाना प्राथमिकता होगी। क्या-क्या कमी-खामियां हैं, जिन्हें तत्काल दूर करने की जरूरत है, इसे लेकर 26 दिसंबर को रिम्स के पदाधिकारियों के साथ बैठक करूंगा। मंत्री ने कहा कि तमाम व्यवस्थाओं की जल्द समीक्षा की जाएगी। नया रिम्स बनेगा, उसका नाम रिम्स-2 होगा। रांची के सदर अस्पताल की तर्ज पर पांच जिलों के सदर अस्पताल को बेहतर बनाया जाएगा। इनमें गांडेय (गिरिडीह), जामताड़ा और बरहेट (साहिबगंज) के सदर अस्पताल भी शामिल हैं। पीएचसी-सीएचसी और सब सेंटर की व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *