अजमेर के हाथीभाटा क्षेत्र में पुलिस ने एक घर में दबिश के दौरान प्रतिबंधित वाइल्डलाइफ और पुरातत्व से जुड़ी सामग्री बरामद की है। जिसमें पुलिस टीम को पुरानी तलवारें, चाकू, बारहसिंगा के सींग, हाथी के दांत से बनी ज्वेलरी और अन्य सामग्री मिली। ट्रेनी आईपीएस के नेतृत्व में पुलिस ने छापेमारी की। पुलिस ने सामग्री की सत्यता जांच के लिए वन विभाग और पुरातत्व विभाग की टीम को मौके पर बुलाया गया और जांच की कार्रवाई शुरू की गई। जांच के बाद ही पुलिस की ओर से मामले में खुलासा किया जाएगा। पुलिस टीम ने जब दबिश दी, उस दौरान मकान मालिक गिर्राज सोनी भी वहीं पर था। मामले में पुलिस गिर्राज सोनी से पूछताछ कर रही है। हाथीभाटा में रहने वाले गिर्राज सोनी के मकान पर दबिश ट्रेनी आईपीएस अजय सिंह ने बताया कि वाइल्डलाइफ प्रोटक्शन प्रतिबंधित सामग्री और एंटीक प्रतिबंधित सामग्री रखने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस की एक टीम बनाकर हाथीभाटा में रहने वाले गिर्राज सोनी के मकान पर दबिश दी गई। इस दौरान उनके घर से ये सामान मिला। हालांकि, पुरातत्व विभाग और वन विभाग की टीम सामान की जांच में जुटी हुई है। जांच के बाद ही सामग्री को जब्त कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। एंटीक सामग्री बेचने खरीदने का काम करता है मकान मालिक प्रारंभिक जांच के सामने आया कि पुलिस टीम को दबिश के दौरान कमरे से राजा-महाराजाओं के समय की तलवारें, चाकू, चांदी के सिक्के, बारहसिंगा के कई सींग, वन्य जीवों के नाखून, हाथी के दांतों से बनी ज्वेलरी और पेंटिंग, बुक सहित अन्य सामग्री बरामद हुई है। जिनकी कीमत करोड़ों रुपए की बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने बताया कि जिसके पास से यह सामग्री बरामद हुई है, वह व्यक्ति अन्य एंटीक सामग्री को बेचने और खरीदने का काम करता है। उसके मोबाइल पर पुलिस को कई लेनदेन भी मिले हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।


