BSNL-CGM ने हाड़ौती में दूरसंचार सेवाओं का लिया जायजा:स्वदेशी 4G, फाइबर विस्तार पर जोर; उपभोक्ता संतुष्टि सर्वोच्च प्राथमिकता

भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) राजस्थान परिमंडल के मुख्य महाप्रबंधक विक्रम मालवीय ने हाड़ौती क्षेत्र के दो दिवसीय दौरे पर दूरसंचार सेवाओं की जमीनी हकीकत का जायजा लिया। उन्होंने इस दौरान कार्यालयों का निरीक्षण किया और भविष्य की योजनाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। अपने प्रवास के दौरान मालवीय ने रामगंज बालाजी और बूंदी शहर में संचार व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके अतिरिक्त उन्होंने कोटा के विज्ञान नगर और नयापुरा स्थित बीएसएनएल ग्राहक सेवा केंद्रों का सघन निरीक्षण किया। यहां उन्होंने उपलब्ध सुविधाओं और उपभोक्ताओं को दी जा रही सेवाओं की गुणवत्ता का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान मुख्य महाप्रबंधक ने कर्मचारियों से सीधा संवाद किया और स्पष्ट किया कि सेवा में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान त्वरित और प्रभावी ढंग से सुनिश्चित किया जाए। मालवीय ने कोटा क्षेत्र में चल रहे स्वदेशी नेटवर्क विस्तार कार्यों की समीक्षा की और प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने दोहराया कि बीएसएनएल का लक्ष्य प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को सस्ती और विश्वसनीय दूरसंचार सेवाएं प्रदान करना है। उन्होंने कहा, “प्रत्येक कर्मचारी सेवाभाव और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। हमारा लक्ष्य अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को स्वदेशी 4G मोबाइल सेवाओं और हाई-स्पीड फाइबर ब्रॉडबैंड से जोड़ना है।” इस अवसर पर, उन्होंने कोटा व्यवसायिक क्षेत्र के प्रमुख जे.पी. मीना सहित कोटा, बूंदी और झालावाड़ के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की। बैठक में नए कनेक्शन बढ़ाने की रणनीति और प्रचार-प्रसार के तरीकों पर विस्तृत चर्चा की गई। मालवीय ने अधिकारियों को भविष्य की योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरे पर दूरसंचार विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे, जिन्हें मुख्य महाप्रबंधक ने बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *