अजमेर शहर में क्रिसमस धूमधाम से मनाया जा रहा है। रॉब्सन मेमोरियल केथोड्रिल सहित 11 चर्चा में गुरुवार को विशेष प्रार्थना सभाएं हुई। मसीह समाज ने चर्च में पहुंचकर एक दूसरे को क्रिसमस की बधाइयां दी गई। ऐसे लोग जो रात को मिडनाइट सर्विस में प्रार्थना के लिए शामिल नहीं हो सके, उन्होंने सुबह प्रार्थना कर यीशु को याद किया। प्रार्थना के बाद चर्चा में प्रभु यीशु मसीह के जन्म को लेकर प्रवचन दिए गए। चर्च में गाने वाली मंडली क्वायर ने गीतावली पेश की। बच्चों का नामकरण भी हुआ जिन परिवारों में बच्चों का जन्म हुआ, उन परिवारों की ओर से क्रिसमस के मौके पर बच्चों का नामकरण संस्कार परंपरानुसार कराया गया। इसे बपतिस्मा संस्कार कहते हैं। शहर में स्थित विभिन्न चर्च में पादरियों ने पवित्र जल से बच्चों के मस्तक पर क्रॉस बनाया और उनका नामकरण किया। अपने दिवंगतों के लिए की प्रार्थना मसीह समाज के लोगों ने अपने दिवंगतों को कब्रिस्तान में जाकर याद किया और उनके लिए प्रार्थना की। चर्च में प्रार्थना सभाओं के समापन के बाद लोग फूल, मोमबत्ती और अगरबत्ती लेकर कब्रिस्तानों में पहुंचे। यहां पर उन्होंने अपने दिवंगत परिजनों को याद किया। जिन परिवारों में हाल ही किसी व्यक्ति की मृत्यु हुई है, उन परिवारों के घरों में त्योहार उठाने के लिए रिश्तेदारों और मित्रों की ओर से मिठाई और केक भी भेंट किए गए।


