सुशासन दिवस के रूप में अटल बिहारी वाजपेयी जयंती मनाई:जिला स्तरीय अधिकारियों ने वाजपेयी के फोटो पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की

जिले में सुशासन दिवस के मौके पर भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। इस दौरान विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारियों ने वाजपेयी के फोटो पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के तहत जिला कलेक्टर सभागार में सुशासन दिवस शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सुशासन की शपथ दिलाई। इस शपथ के माध्यम से अधिकारियों व कर्मचारियों ने पारदर्शिता, जवाबदेही, संवेदनशीलता और आमजन को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने का संकल्प लिया। यह कार्यक्रम जिला मुख्यालय के साथ-साथ जिले के समस्त उपखण्ड कार्यालयों एवं अटल सेवा केंद्रों पर भी आयोजित हुआ, जहां अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से शपथ ली। इस मौके पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप आमजन को अधिकतम राहत प्रदान करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। चौहान ने सुशासन का अर्थ स्पष्ट करते हुए कहा कि यह केवल नियमों का पालन नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनकर उनका त्वरित समाधान करना भी है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी के जीवन और राष्ट्र सेवा, सुशासन तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनके समर्पण पर प्रकाश डाला, उनके विचारों को प्रशासन के लिए प्रेरणास्रोत बताया। कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी हीराराम कलबी, नगर परिषद आयुक्त रामकिशोर मेहता, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. वांकाराम चौधरी, प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप देवात, जिला रसद अधिकारी हजारीलाल आलोरिया, जिला परिवहन अधिकारी भगवान गहलोत सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी और जिला कलेक्टर कार्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *