अजमेर के नेशनल हाईवे 8 पर बुधवार को डीजल से भरा टैंकर पलट गया। इसके बाद हाईवे पर हड़कंप मच गया। आसपास के ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। टैंकर से लीकेज होने के चलते एक साइड के यातायात को बंद किया गया। दो क्रेन की मदद से करीब डेढ़ घंटे तक चले रेस्क्यू के बाद टैंकर को सीधा किया। हाईवे पर कार चालक को बचाने के चक्कर में टैंकर पलटा था। हालांकि सिविल लाइन थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है। कार को बचाने मोड़ा तो पलटा जानकारी के अनुसार बुधवार को 29 हजार लीटर डीजल से भरा टैंकर सिरोही से जयपुर दूदू की तरफ जा रहा था। तभी अजमेर नेशनल हाईवे 8 पर एक कार चालक ने साइकिल सवार महिला और व्यक्ति को टक्कर मार दी। इसी बीच पीछे से आ रहे टैंकर चालक ने कार को बचाने के चक्कर में टैंकर को मोड़ा तो वह अचानक पलट गया। इसके बाद धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। टैंकर से डीजल लीक हाेने लगा था सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस और नेशनल हाईवे की टीम मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस सहित अग्निशमन विभाग की गाड़ी को भी मौके पर बुलाया गया। इस बीच टैंकर से डीजल लीक होने लग गया। इसके बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने एक साइड के हाईवे को बंद कर दिया। बाद में दो क्रेन की मदद से टैंकर को सीधा करने का रेस्क्यू शुरू किया। करीब डेढ़ घंटे चले रेस्क्यू के बाद टैंकर को सिद्ध किया गया। 29 हजार लीटर डीजल से भरा था टंकर टैंकर चालक अजीत ने बताया कि सिरोही से जयपुर दूदू टैंकर लेकर जा रहा था। तभी हाईवे पर एक कार चालक ने साइकिल को टक्कर मार दी। तभी कार को बचाने के चक्कर में गाड़ी को साइड में लेने की कोशिश की इस दौरान टैंकर पलट गया। टैंकर में 29000 लीटर डीजल भरा हुआ था। डेढ़ घंटे तक चला रेस्क्यू ASI भीम सिंह ने बताया कि थाने पर नेशनल हाईवे पर टैंकर पलटने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे तो टैंकर पलटा हुआ था। टैंकर में से डीजल का रिसाव भी हो रहा था। टैंकर पलटने से भीड़ भी इकट्ठा हो गई थी। बाद में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भीड़ को साइड कर हाईवे को एक साइड से बंद किया। इसके साथ ही दो क्रेन की मदद से टैंकर को सीधा करवाया गया। एक कार ने साइकिल चालक को टक्कर मार दी थी। जिससे जानना निवासी रामेश्वर माली और काजल घायल हो गए थे। कार को बचाने के चक्कर में टैंकर पलट गया था। हालांकि किसी के गंभीर चोट नहीं आई है। चालक और टैंकर मलिक को बुलाकर पूछताछ की जा रही है। ग्रामीण बाल्टियां लेकर पहुंचे डीजल सड़क पर बहने की सूचना पर आसपास के ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। बच्चों सहित बुजुर्ग और महिलाएं बाल्टी सहित अन्य बर्तन लेकर हाईवे पर पहुंच गए। सड़क पर पड़ा डीजल बाल्टियों सहित अन्य बर्तनों में भरने लग गए। बाद में सिविल लाइन थाना पुलिस के द्वारा सभी को वहां से भगाया गया।


