अजमेर में एक युवक के बाइक की टंकी पर एक युवती को बैठाकर ले जाने का वीडियो शेयर हो रहा है। वीडियो में युवक हाईवे पर तेज रफ्तार से बाइक दौड़ाता नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद अजमेर जिला पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। मामले में अलवर गेट और आदर्श नगर थाना पुलिस जांच में जुट गई है। कार सवार ने बनाया वीडियो जमकर शेयर हो रहे इस 42 सैकंड के वीडियो में दिखाई दे रहा है कि एक युवक हाईवे पर बाइक चला रहा है। वहीं एक युवती बाइक की टंकी पर बैठी हुई है। युवती बिना हेलमेट के नजर आ रही है, वहीं युवक हेलमेट पहनकर तेज रफ्तार में हाईवे पर बाइक दौड़ाते हुए दिखाई दे रहा है। हाईवे पर कार सवार एक व्यक्ति ने इसका वीडियो बनाकर शेयर कर दिया। पहचान होने पर होगी कार्रवाई वीडियो सामने आने के बाद एडिशनल एसपी हिमांशु जांगिड़ ने इस पर संज्ञान लिया और अलवर गेट व आदर्श नगर थाना को युवक की पहचान कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है की वीडियो में दिख रही बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर अजमेर का है और इसी आधार पर वाहन मालिक की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी


