अजमेर के माखुपुरा क्षेत्र में आईटीआई के सामने गुरुवार सुबह अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद दोनों युवक उछलकर दूर जा गिरे। वहीं हादसे में एक स्टूडेंट की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया।आदर्श नगर थाना पुलिस ने मृतक के परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमॉर्टम कराया। आदर्श नगर थाने के एएसआई सत्यनारायण शर्मा ने बताया कि बुधवार रात थाने में सूचना मिली कि माखुपुरा में आईटीआई के बाहर एक्सीडेंट हो गया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल मिला। दोनों को जेएलएन अस्पताल भिजवाया गया। एक्सीडेंट में नया बड़गांव निवासी जय जांगिड़ (18) पुत्र भगवान शर्मा की मौत हुई है। वहीं चंद्रवरदायी निवासी उसका दोस्त नीव शर्मा (18) गंभीर रूप से घायल है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पूर्व सरपंच घनश्याम जांगिड़ ने बताया कि मृतक जय जांगिड़ अपने दोस्त के घर चंद्रोदय निवासी नीव शर्मा के पास गया हुआ था। उसका दोस्त बाइक पर उसे छोड़ने के लिए वापस घर आ रहा था। आईटीआई कॉलेज के बाहर ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी। बाद में एक दूसरी गाड़ी ने कुचल दिया। हादसे में मौके पर ही जय जांगिड़ की मौत हो गई। जबकि दूसरा घायल है। दोनों एक ही स्कूल में 12वीं में पढ़ रहे थे। मामले में पुलिस से कार्रवाई की मांग की गई है। घायल के पिता का 31 को था रिटायरमेंट घायल नीव शर्मा के पिता मदन मोहन शर्मा ने बताया कि वह रोडवेज में ड्राइवर है। 31 दिसंबर को उनका रिटायरमेंट होने वाला है। इसे लेकर फंक्शन भी होने वाला था। जिसकी तैयारियां भी चल रही थी। वह कार्ड का वितरण कर रहे थे। तभी रात 12 बजे पुलिस की ओर से उन्हें एक्सीडेंट की सूचना दी गई। बेटा उसके दोस्त जय को छोड़ने घर जा रहा था। इस दौरान यह हादसा हुआ है। मदन मोहन शर्मा ने बताया कि पूर्व में 1 साल पहले उनके बड़े बेटे की बीमारी के चलते मौत हो गई थी।


