अजमेर में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात:बेटी की शादी में पुष्कर गया हुआ था परिवार, पीछे से चोरों ने नकदी समेत गहने किए पार

अजमेर के गंज थाना क्षेत्र में मकान के ताले तोड़कर चोरी की वारदात सामने आई है। राधा विहार कॉलोनी में सोमवार रात को चोरों ने घर में धमाल मचाते हुए नकदी समेत जेवरात पार कर लिए। फिलहाल पुलिस चोरों की तलाश में जुट गई है। चोरी की वारदात के दौरान पीड़ित परिवार बेटी की शादी के लिए पुष्कर गया हुआ था। इसी बीच चोरों ने इसका फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। मंगलवार को जब परिवार शादी से लौटा तो उन्हें घर के ताले टूटे हुए मिले। जिसकी सूचना मिलने के बाद गंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआयना किया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस जांच में जुटी है। गंज थाने के एएसआई राजेंद्र सिंह ने बताया कि राधा विहार कॉलोनी में रहने वाले हेमराज जैन के घर चोरी की वारदात सामने आई है। पीड़ित परिवार बेटी की शादी में पुष्कर गया हुआ था। पीछे मकान पर कोई भी नहीं था। मंगलवार को जब वापस घर पहुंचे तो ताले टूटे हुए थे। चोरों ने घर में तोड़फोड़ करते हुए सारा सामान अस्त-व्यस्त किया और सोने-चांदी के जेवरात सहित अन्य सामान चोरी कर लिया। हालांकि, चोरी हुए सामान की प्रॉपर लिस्ट अभी नहीं दी गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *