सावर में बनास नदी पुलिया पर आत्महत्या का नाटक रचने वाला युवक रामलाल उर्फ कालूराम आखिरकार अजमेर रेलवे स्टेशन से जिंदा पकड़ लिया गया। उसने सुसाइड नोट और मोटरसाइकिल छोड़कर पुलिस, एसडीआरएफ और प्रशासन को तीन दिनों तक तलाशी अभियान चलाने पर मजबूर कर दिया। जीआरपी ने तकनीकी ट्रेसिंग और मुखबिरों की सूचना के आधार पर उसे हिरासत में लिया है। यह मामला 3 दिसंबर को तब सामने आया, जब अजमेर नियंत्रण कक्ष को सूचना मिली कि स्टेट हाईवे-26 स्थित बनास नदी पुलिया से एक युवक ने छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली है। मौके पर पहुंची पुलिस को एक सुसाइड नोट, तीन आधार कार्ड की फोटो कॉपी, एक पासपोर्ट साइज की फोटो और बाइक मिली। कागजों से युवक की पहचान रामलाल पुत्र धन्ना रैगर, निवासी भीमपुरा (भीलवाड़ा) के रूप में हुई। सावर थाना प्रभारी राधेश्याम चौधरी ने बताया-आरोपी को शांतिभंग में गिरफ्तार किया है। रेप का मामला जहाजपुर पुलिस थाने का है और जहाजपुर पुलिस के सुपुर्द किया जाएगा। पुलिस ने जब सूचना तंत्र सक्रिय किया तो पता चला कि रामलाल के खिलाफ जहाजपुर थाने में रेप का एक गंभीर मामला दर्ज है। यहीं से पुलिस को पुख्ता आशंका हुई कि यह आत्महत्या का मामला नहीं, बल्कि कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए रचा गया एक नाटक है। 6 दिसंबर को तकनीकी टीम को रामलाल के दिल्ली-साबरमती आश्रम एक्सप्रेस में यात्रा करने का इनपुट मिला। सावर थाना पुलिस तुरंत अजमेर पहुंची और जीआरपी अजमेर की मदद से उसे रेलवे स्टेशन पर पकड़ लिया। पूछताछ में कबूला आत्महत्या का नाटक पूछताछ में रामलाल ने कबूल किया कि उसने अपने खिलाफ दर्ज रेप के मुकदमे से बचने के लिए यह पूरा नाटक रचा था। उसने नदी में कूदने का भ्रम पैदा करने के लिए अपनी बाइक, फोटो, आधार कार्ड की प्रतियां और सुसाइड नोट पुलिया पर छोड़े थे। पुलिस ने उसे भारतीय न्याय संहिता की धारा 170 के तहत गिरफ्तार कर लिया है और उसके परिजनों को सूचित कर दिया गया है। आगे की जांच जारी है। इस कार्रवाई में सावर थानाधिकारी राधेश्याम चौधरी, कॉन्स्टेबल भंवरलाल, शिवप्रकाश, मुकेश और घनश्याम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। (इनपुट-दिनेश जांगिड़, सावर) ……… ये खबर भी पढ़ें…. RRTI में कल से पटवारी भर्ती का डॉक्युमेंट्स वेरिफिकेशन:15 दिसम्बर तक का डेट शेड्यूल डिसाइड, पदों से दोगुने कैंडिडेट्स को बुलाया राजस्व मंडल अजमेर की ओर से पटवार प्रतियोगी परीक्षा-2025 में अस्थाई रूप से सिलेक्ट कैंडिडेट्स के डॉक्युमेंट्स वेरिफिकेशन व पात्रता जांच अजमेर में कल से आठ दिन तक होगी। राजस्व अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान, जयपुर रोड, अजमेर (आर.आर.टी.आई.) में होने वाली इस जांच के लिए 3705 पदों के मुकाबले दोगुने कैंडिडेट्स (7410) को बुलाया गया है। पूरी खबर पढ़ें


