कोरिया जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में बुधवार शाम करीब 6 बजे अज्ञात वाहन ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो नाबालिगों की मौके पर मौत हो गई एवं बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल में दाखिल किया गया है। घटना बैकुंठपुर कोतवाली थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, नरसिंहपुर निवासी महेश सिंह (25 वर्ष) अपनी बाइक से पतरापाली निवासी लक्की (15 वर्ष) एवं मुन्ना (14 वर्ष) के साथ बैकुंठपुर आया था। शाम करीब 6 बजे तीनों बाइक में सवार होकर बचरा पोड़ी रोड में जा रहे थे। कोरिया पैलेस के पीछे सड़क में उन्हें तेज रफ्तार में कार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों उछलकर सड़क पर जा गिरे। दो नाबालिगों की मौके पर मौत, फटा सिर
सड़क पर गिरने से दोनों नाबालिगों लक्की एवं मुन्ना के सिर में गंभीर चोटें आईं एवं उनके सिर फट गए। वहीं बाइक चला रहा महेश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार हादसे के दौरान बाइक एवं कार दोनों की रफ्तार तेज थी। घटना की सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची एवं तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों नाबालिगों लक्की एवं मुन्ना को मृत घोषित कर दिया, वहीं बाइक चालक महेश सिंह का इलाज किया जा रहा है। मामले में बैकुंठपुर पुलिस जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज की जांच की जा रही है, ताकि दुर्घटना कारित करने वाले वाहन की पहचान की जा सके। हादसे के शिकार दोनों नाबालिगों के शवों को बैकुंठपुर मॉर्च्युरी में रखा गया है। परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।


