खींवसर-पांचला सड़क मार्ग पर देर रात एक फॉर्च्यूनर गाड़ी भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि यह हादसा सड़क पर अचानक आई एक नील गाय को बचाने के प्रयास में हुआ। फॉर्च्यूनर गाड़ी खींवसर से पांचला सिद्धा की ओर जा रही थी। खींवसर से बाहर निकलते ही सड़क पर आई नील गाय को बचाने के लिए आगे चल रहे वाहन ने अचानक ब्रेक लगा लिए जिससे पीछे चल रही फॉर्च्यूनर के चालक ने जब ब्रेक लगाए, तो वह आगे चल रहे एक अज्ञात वाहन से टकरा गई। यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि फॉर्च्यूनर गाड़ी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में फॉर्च्यूनर का चालक मामूली रूप से घायल हो गया। टक्कर मारने के बाद आगे चल रहा अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल चालक को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार दिया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही खींवसर पुलिस मौके पर पहुंची और फरार अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।


