कोटा शहर के रेलवे कॉलोनी थाना क्षेत्र में गुरुवार की रात एक सड़क हादसे में नाइट ड्यूटी पर जा रहे एक युवक की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान योगेंद्र माथुर पुत्र सत्यनारायण माथुर, उम्र करीब 45 वर्ष, निवासी भदाना रेलवे कॉलोनी के रूप में हुई है। योगेंद्र माथुर सोमवार रात अपनी नाइट ड्यूटी के लिए घर से निकले थे। योगेंद्र सूर्य पावर प्लांट में कार्यरत थे और ड्यूटी के लिए जा रहे थे। इसी दौरान रात करीब 11 बजे रंगपुर रोड पर मंदिर के पास किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें तेज रफ्तार में टक्कर मार दी। हादसे की सूचना मिलने पर परिजन एमबीएस हॉस्पिटल पहुंचे। मृतक के भतीजे हिमांशु माथुर ने बताया कि रात करीब 11 बजे उन्हें फोन पर सूचना मिली कि उनके चाचा को किसी वाहन ने टक्कर मार दी है। इसके बाद वे तुरंत मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल योगेंद्र माथुर को इलाज के लिए कोटा के एमबीएस अस्पताल लेकर आए। अस्पताल में ड्यूटी डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे कॉलोनी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को एमबीएस अस्पताल के पोस्टमार्टम रूम में भिजवाया, जहां परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की गई। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अज्ञात वाहन और चालक की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


