भरतपुर जिले में गुरुवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। कोहरे की वजह से विजिबिलिटी काफी कम हो गई, जिसके चलते दिन में ही वाहनों को लाइट जलाकर चलाना पड़ा। कोहरे के साथ सर्दी भी तेज हो गई है। ठंड के कारण लोग घरों में दुबके नजर आए, जबकि जगह-जगह अलाव जलाते हुए लोग ठंड से बचाव करते दिखे। बढ़ती सर्दी ने बेसहारा जानवरों की परेशानी भी बढ़ा दी है। कोहरे के कारण थमी रफ्तार, हाईवे पर खतरा बढ़ा कोहरे का सबसे ज्यादा असर रूपवास क्षेत्र में देखने को मिला, जहां विजिबिलिटी महज 20 से 30 मीटर तक सिमट गई। इसके चलते वाहनों की रफ्तार काफी धीमी हो गई और ड्राइवरों को लाइट जलाकर वाहन चलाने पड़े।वहीं, हलैना इलाके में विजिबिलिटी 50 से 60 मीटर तक रही। इससे आगरा–जयपुर नेशनल हाईवे पर हादसों का खतरा बना रहा। हाईवे पर भी वाहन रेंगते नजर आए। अमोली टोल पर वाहनों की लंबी कतार घने कोहरे का असर अमोली टोल प्लाजा पर भी देखने को मिला। विजिबिलिटी कम होने और धीमी रफ्तार के कारण टोल पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। वाहन चालक टोल कटवाने के लिए कतार में इंतजार करते नजर आए। आगे और बढ़ेगी सर्दी व कोहरा मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में सर्दी और बढ़ सकती है। इसके साथ ही कोहरे की तीव्रता भी बढ़ने की संभावना जताई गई है। ऐसे में वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने और धीमी गति से वाहन चलाने की सलाह दी गई है।


