कोटा के रेलवे कॉलोनी थाना क्षेत्र में काम से घर पैदल लौट रहे मजदूर को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। शुक्रवार रात को हादसे में गंभीर हालत में मजदूर को एमबीएस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान शनिवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। घटना चंद्रेसल इलाके में शुक्रवार रात की है। मृतक की पहचान मुकेश लोधा (33) निवासी कोटा के रूप में हुई है। घटना की सूचना के बाद रेलवे कॉलोनी थाना पुलिस हॉस्पिटल पहुंची। जहां पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करा परिजनों को शव सौंप दिया है। रात को पैदल घर लौटते समय कार ने मारी टक्कर मृतक के छोटे भाई राजकुमार लोधा ने बताया कि मुकेश रोज की तरह काम पर गया था और शुक्रवार रात को पैदल घर लौट रहा था। इसी दौरान एक अज्ञात कार ने उसे टक्कर मार दी। संयोगवश वह उसी रास्ते से गुजर रहा था, तब उसने मुकेश को सड़क पर घायल अवस्था में पड़ा देखा। इसके बाद वह तुरंत उसे एमबीएस हॉस्पिटल लेकर पहुंचा। राजकुमार ने बताया कि उसका भाई पेंटिंग का काम करता था और परिवार का मुख्य सहारा था। एमबीएस हॉस्पिटल चौकी से मिली थी हादसे की सूचना थाना एएसआई देवकरण ने बताया कि एमबीएस हॉस्पिटल चौकी से हादसे की सूचना मिली थी। घायल युवक को रात में हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जिसकी इलाज के दौरान शनिवार को मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करा परिजनों को सौंप दिया। परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


