मनरेगा योजना में बदलाव का विरोध:कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ किया प्रदर्शन, मजदूरों के अधिकार छीनने का आरोप

झालावाड़ जिले के खानपुर में शनिवार को मनरेगा योजना में केंद्र सरकार द्वारा किए गए बदलावों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ के तहत यह प्रदर्शन खानपुर नगर पालिका क्षेत्र में आयोजित हुआ। इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व महिला कांग्रेस कमेटी की ब्लॉक अध्यक्ष कविता गौतम और खानपुर पंचायत समिति सदस्य अमरलाल जादम ने किया। इसमें बड़ी संख्या में नरेगा श्रमिक शामिल हुए, जिन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ अपनी आवाज उठाई। प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा की केंद्र सरकार देश के मजदूरों के अधिकार छीन रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार द्वारा शुरू की गई महात्मा गांधी नरेगा रोजगार गारंटी योजना को कमजोर करने और बंद करने का प्रयास किया जा रहा है। वक्ताओं ने चिंता व्यक्त की कि इन प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्रों में बेरोजगारी बढ़ रही है और लोगों को रोजगार के लिए भटकना पड़ रहा है। उन्होंने मनरेगा में बदलावों को जनविरोधी बताया। इस अवसर पर मंजू बाई मेघवाल, रोशन बाई मेघवाल, सुमित्रा बाई मेघवाल, नन्नी बेगम, सीमा, शबाना बेगम, मनीषा मेहरा, सोना सुमन सहित सैकड़ों महिला मजदूर उपस्थित थीं। गौरतलब है कि मनरेगा योजना में केंद्र सरकार ने हाल ही में कुछ बदलाव किए हैं, जिसके विरोध में कांग्रेस पार्टी देशभर में प्रदर्शन कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *