अटरा हत्याकांड में 8 आरोपी गिरफ्तार, 3 अब भी फरार:हार्वेस्टर विवाद में 11 लोगों ने मिलकर की थी युवक की हत्या

सतना जिले के नागौद थाना क्षेत्र के अटरा गांव में एक युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस घटना में कुल 11 लोग शामिल थे, जिनमें से मुख्य आरोपी सहित 3 अभी भी फरार हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार भी जब्त कर लिए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह विवाद हार्वेस्टर को लेकर हुआ था। नागौद टीआई अशोक पांडेय ने बताया कि यह घटना 26 दिसंबर की रात करीब 10 बजे हुई। ग्राम अटरा निवासी द्वारिका प्रसाद पटेल अपने भतीजे प्रहलाद सिंह उर्फ शंखू के साथ खेत में महुआ के पेड़ के पास आग ताप रहे थे। तभी गांव का पंकज सिंह वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए विवाद शुरू कर दिया। विवाद बढ़ने पर पंकज सिंह ने अपने भाइयों और साथियों को फोन कर बुला लिया। कुछ ही देर में लाठी, रॉड, हथौड़ा और कुल्हाड़ी से लैस करीब 10 अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने द्वारिका प्रसाद पटेल पर जानलेवा हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए बीरेंद्र, नत्थू सिंह और राहुल सिंह के साथ भी मारपीट की गई। सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल सतना ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान द्वारिका प्रसाद पटेल की मृत्यु हो गई। इस संबंध में थाना नागौद में भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 118(1), 103(1), 191(2), 191(3), 190 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद किए। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। मुख्य आरोपी सहित तीन अन्य अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *