अटल जन सेवा शिविरों में आमजन की समस्याओं का अफसरों ने किया समाधान

भास्कर संवाददाता | बाड़मेर जन अभाव अभियोग निराकरण विभाग राजस्थान सरकार के निर्देशानुसार गुरुवार को बाड़मेर जिले के समस्त पंचायत समिति मुख्यालयों पर विशेष अटल जन सेवा शिविर आयोजित किए गए। इस दौरान समस्याओं का मौके पर समाधान कर आमजन को राहत पहुंचाई गई। जिला मुख्यालय पर बाड़मेर पंचायत समिति सभागार में उपखंड अधिकारी वीरमाराम की अध्यक्षता में विशेष अटल जन सेवा शिविर का आयोजन हुआ। इस दौरान विभिन्न योजनाओं से वंचित पात्र व्यक्तियों के आवेदन लेने के साथ उनकी परिवेदनाएं सुनकर मौके पर समाधान किया गया। शिविर में बाड़मेर तहसीलदार हुकमीचंद, विकास अधिकारी प्रदीप ईनाणिया, नीतू व्यास समेत विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। विशेष जन सेवा शिविर का शुभारंभ भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्जवलित एवं माल्यार्पण के साथ किया गया। इस दौरान अधिकांश परिवादों का मौके पर समाधान किया गया। जबकि शेष परिवादों के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को यथाशीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान उपखंड अधिकारी ने राजस्थान संपर्क पोर्टल पर लंबित विभिन्न प्रकरणों का शिविर के दौरान ही निस्तारण करने के निर्देश दिए। इस पर संबंधित विभाग के अधिकारियों ने शिविर के दौरान इनका निस्तारण किया। इस मौके पर उपखंड अधिकारी वीरमाराम ने कार्मिकों को सुशासन दिवस के उपलक्ष्य में शपथ दिलाई। इसी तरह शिव पंचायत समिति मुख्यालय पर आयोजित शिविर के दौरान तहसीलदार विकास सारण एवं अन्य विभागीय अधिकारियों ने आमजन की परिवेदनाएं सुनी। इस दौरान जन समस्याओं का मौके पर समाधान करते हुए राहत प्रदान की गई। बाड़मेर जिले में पंचायत समिति मुख्यालयों पर आयोजित हुए अटल जन सेवा शिविरों में जन प्रतिनिधि, विभागीय अधिकारियों के साथ नागरिक उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *