ग्वालियर में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर आज 25 दिसंबर से तीन दिन का एक बड़ा नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जा रहा है। यह शिविर एलएनआईपीई (लक्ष्मीबाई नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल एजुकेशन) में 25 से 27 दिसंबर तक चलेगा। इस शिविर का उद्घाटन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। भारत सिंह कुशवाह ने इस शिविर की पहल की है। उनका कहना है कि इस शिविर से ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में होने वाली बीमारियों के बारे में जानकारी मिलेगी और इसी आधार पर यहां पर बेहतर इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। शिविर की खास बातें: 40 हजार मरीजों का पंजीयन हुआ अब तक 40 हजार मरीजों ने पंजीकरण करवा लिया है। इसमें से 34 हजार ऑफलाइन और 6 हजार ऑनलाइन पंजीकरण हुए हैं। शिविर में आने वाले बाकी मरीजों का पंजीकरण मौके पर भी किया जाएगा। एम्स के 22 विभागों के डॉक्टर रहेंगे मौजूद इस शिविर में एम्स के 22 विभागों के डॉक्टरों की टीमें इलाज के लिए आएंगी, जिसमें हृदय रोग, त्वचा रोग, दांतों के इलाज, हड्डी रोग, बच्चों के ऑपरेशन और अन्य कई विभाग शामिल हैं। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्वालियर-चंबल क्षेत्र के लोगों को मुफ्त में उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं देना है।


