भिंड जिले के अटेर थाना क्षेत्र अंतर्गत अटेर मोड़ पर सोमवार को एक सड़क हादसा हो गया। यहां सामने से आ रही एक कार ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक पर सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार 43 वर्षीय रामज्ञान केवट पुत्र मेहरवान केवट अपने रिश्तेदारों के साथ बाइक से उत्तर प्रदेश के चकरनगर जा रहे थे। बाइक रामजीत केवट चला रहा था। बाइक पर रामज्ञान के साथ 35 वर्षीय भूरी देवी पत्नी रामज्ञान केवट, 13 वर्षीय मनीष पुत्र राजवीर केवट निवासी मल्लपुरा थाना पावई तथा 30 वर्षीय रामजीत पुत्र लटूरी केवट निवासी अंबाह जिला मुरैना सवार थे। जैसे ही बाइक अटेर मोड़ पर पहुंची, सामने से आ रही कार ने तेज रफ्तार में बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सभी लोग सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल भिंड लेकर आई। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन चारों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और कार चालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।


