सिंगरौली जिले में बढ़ती ठंड, गिरते तापमान और घने कोहरे के कारण स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। सभी सरकारी, प्राइवेट, सीबीएसई, आईसीएसई, मदरसा और शासन से मान्यता प्राप्त स्कूलों में नर्सरी से आठवीं तक की कक्षाएं अब सुबह 9 बजे से संचालित होंगी। यह व्यवस्था 15 दिसंबर 2025 से लागू की गई है। आदेश के अनुसार, माध्यमिक स्तर तक की कोई भी कक्षा सुबह 9 बजे से पहले नहीं लगेगी। दो दिन से कोहरे का असर जिले में रविवार और सोमवार को घने कोहरे का असर देखा गया। सुबह के समय कई इलाकों में दृश्यता काफी कम रही। कॉलेज चौक, नवानगर, अमलोरी जैसे शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ सरई, माड़ा, देवसर और चितरंगी के ग्रामीण इलाकों में भी ठंड और कोहरे ने जनजीवन को प्रभावित किया। सुबह स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कलेक्टर गौरव बैनल ने बताया कि “जिले में लगातार ठंड बढ़ रही है और सुबह के समय कोहरे के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए नर्सरी से आठवीं तक की कक्षाओं का समय सुबह 9 बजे से निर्धारित किया गया है, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित और अनुकूल वातावरण मिल सके।” आगामी दिनों में ठंड और बढ़ेगी मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार से आगामी एक सप्ताह तक सिंगरौली में ठंड का असर बना रहेगा। इस दौरान न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। सुबह और रात के समय ठंड अधिक महसूस होगी, वहीं कुछ क्षेत्रों में हल्का से मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है। स्कूल के समय में किए गए इस बदलाव से अभिभावकों और विद्यार्थियों को राहत मिलने की उम्मीद है।


