मध्य प्रदेश में साल 2030 तक 4 हजार मेगावाट अतिरिक्त बिजली का उत्पादन शुरू हो जाएगा। इसके लिए मध्य प्रदेश सरकार ने मंगलवार को टोरेंट, अडाणी और हिंदुस्तान थर्मल समूहों से 60 हजार करोड़ के अनुबंध किए हैं। इन परियोजनाओं से 8 हजार लोगों को नौकरियां भी मिलेंगी। ये सभी यह नए पॉवर हाउस अनूपपुर जिले में स्थापित होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में एमपी पॉवर मैनेजमेंट कंपनी के प्रबंध संचालक विशेष गढ़पाले और टोरेंट पॉवर लिमिटेड के जिगिश मेहता, अदानी पॉवर लिमिटेड के एसबी खिलया और हिन्दुस्तान थर्मल प्रोजेक्ट्स के रतुल पुरी के बीच पॉवर सप्लाई एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर हुए। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि बिजली उत्पादन में जमीन-जल- पर्यावरण-कोयला- रेलवे लाइन आदि का बेहतर समन्वय आवश्यक है। इन सब मानकों पर ऊर्जा उत्पादन के लिए मप्र एक उपयुक्त राज्य है।


