भास्कर न्यूज|जालंधर टांडा रोड रेलवे क्रॉसिंग पर नए साल में व्हीकल अंडरपास बनने की उम्मीद जग गई है। नए साल की शुरुआत से पहले अड्डा टांडा फाटक पर अधिकारियों की तरफ से पैमाइश शुरू कर दी है। इस फाटक पर व्हीकल अंडरपास बनने के बाद लाखों लोगों को फायदा होगा। खास तौर पर स्कूल व कॉलेज आने जाने वाले विद्यार्थियों को। जो फाटक बंद के दौरान स्कूल लेट जाते हैं और घर भी लेट आते हैं। इस फाटक के कारण दुकानदारों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन फाटक के आसपास की मार्केट के दुकानदारों द्वारा अंडरपास का पहले विरोध किया गया था। उनका कहना है कि उनका कारोबार पूरी तरह से प्रभावित हो जाएगा। जिस कारण व्हीकल अंडरपास की योजना अधर में लटक गई। लेकिन अब दोबारा से उम्मीद जगी है। बता दें इस फाटक पर अंडरपास 350 मीटर लंबा और 5 मीटर चौड़ा बनना है। काफी साल पहले पंजाब इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट बोर्ड ने 53.23 करोड़ की मंजूरी भी दी थी। इस फाटक पर ट्रैफिक व्हीकल यूनिट इस समय 2.50 लाख से अधिक है और हर 24 घंटे में दिन में 8 घंटे तक फाटक बंद रहता है और सारा दिन ट्रेनों का आवागमन लगा रहता है। अधिकारियों के अनुसार इस अंडरपास के नीचे से केवल स्कूल बसें ही गुजर सकेंगी। ट्रकों व हैवी व्हीकलों को किसी अन्य रास्तों का इस्तेमाल करना पड़ेगा।


