शाजापुर जिले के मक्सी नगर में अतिक्रमण हटाने गई नगर परिषद, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम को एक अधेड़ ने बंदूक दिखाकर धमकाया। आरोपी ने शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए टीम के साथ गाली-गलौज भी की। नगर परिषद की शिकायत पर मक्सी पुलिस ने 15 जनवरी 2026 को मामला दर्ज कर लिया है। जो आज शनिवार को सामने आया है। मक्सी पुलिस के अनुसार, नगर परिषद मक्सी कार्यालय से एक शिकायती आवेदन प्राप्त हुआ था। नगर परिषद के कर्मचारी विनोद कुमार गिरजे (52, निवासी आदर्श नगर सारंगपुर) और कमल सिंह गुर्जर (55, निवासी गुर्जर मोहल्ला मक्सी) ने बताया कि वार्ड क्रमांक 15, गडरोली में इंदर सिंह पाटीदार (पिता रमेशचंद्र पाटीदार) के अतिक्रमण की शिकायत मिली थी। इस शिकायत के बाद, नगर परिषद ने 18 नवंबर 2025 को अतिक्रमण हटाने के लिए इंदर सिंह पाटीदार को सूचना पत्र जारी किया था। अतिक्रमण न हटाए जाने पर, नगर परिषद, राजस्व विभाग और पुलिस विभाग की एक संयुक्त टीम 5 दिसंबर 2025 को अतिक्रमण हटाने मौके पर पहुंची। मौके पर मची अफरा-तफरी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान, इंदर सिंह पाटीदार ने टीम के कार्य में बाधा डाली और कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया। जब टीम ने अपनी कार्रवाई जारी रखी, तो आरोपी अपने घर के अंदर गया और 12 बोर की बंदूक निकालकर कर्मचारियों पर तान दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पूरी जांच के बाद, आरोपी इंदर सिंह पाटीदार के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 132 और 296(बी) के तहत 15 जनवरी को अपराध पंजीबद्ध किया गया। मक्सी थाना प्रभारी संजय वर्मा ने बताया कि आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी तलाश जारी है। उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


