कटनी जिले के बड़वारा विकासखंड की ग्राम पंचायत सलैया और भदावार के ग्रामीण खदानों से होने वाले प्रदूषण से परेशान हैं। खदानों से उड़ने वाली धूल न केवल स्वास्थ्य को प्रभावित कर रही है, बल्कि उपजाऊ कृषि भूमि को भी बंजर बना रही है। शनिवार को ग्रामीणों ने इस समस्या को लेकर बड़वारा तहसील कार्यालय में कलेक्टर के नाम एक लिखित शिकायत तहसीलदार ऋषि गौतम को सौंपी। शिकायतकर्ता अवध सिंह यादव और अन्य ग्रामीणों ने बताया कि भदावार और सलैया के बीच संचालित डोलोमाइट खदानों से भारी मात्रा में धूल उड़ती है। यह धूल हवा के माध्यम से ग्रामीणों के फेफड़ों तक पहुंच रही है, जिससे क्षेत्र में कैंसर, अस्थमा और त्वचा रोगों का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि खदान संचालक प्रदूषण नियंत्रण के नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। प्रदूषण का गंभीर असर कृषि पर भी दिख रहा है। अवध सिंह यादव ने बताया कि पहले प्रति एकड़ 15 क्विंटल तक अनाज पैदा होता था। अब धूल की परत खेतों पर जम जाने के कारण पैदावार घटकर मात्र 2 से 3 क्विंटल रह गई है। इससे उनकी उपजाऊ जमीन धीरे-धीरे बंजर होती जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इन खदानों से निकलने वाली धूल पर तत्काल प्रभावी रोक लगाई जाए। उनका कहना है कि यदि जल्द ही सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो किसानों के पास पलायन के अलावा कोई विकल्प नहीं बचेगा। जिम्मेदार बोले ग्रामीणों द्वारा डस्ट और प्रदूषण के संबंध में शिकायत प्राप्त हुई है। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर जांच दल भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। ऋषि गौतम, तहसीलदार, बड़वारा


