अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने अरनोद अस्पताल का किया निरीक्षण:चिकित्सा सुविधाओं और साफ-सफाई पर दिए निर्देश

प्रतापगढ़ में अतिरिक्त जिला कलेक्टर विजयेश कुमार पंड्या ने अरनोद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान, ड्रेसिंग रूम में उपयोग की जा चुकी चिकित्सकीय सामग्री का समय पर निस्तारण न होने और कक्ष की साफ-सफाई न रखने पर नाराजगी व्यक्त की। पंड्या ने समय-समय पर सामग्री का निस्तारण करने और साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। दवाई वितरण कक्ष का निरीक्षण करते हुए, उन्होंने इस माह एक्सपायर हो रही दवाइयों की पहचान कर आवश्यकतानुसार डिमांड भेजने के निर्देश दिए। वार्डों का निरीक्षण कर भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से सुविधाओं तथा स्टाफ के व्यवहार के बारे में चर्चा की, जिस पर परिजनों ने संतुष्टि व्यक्त की। उपस्थित मेडिकल ऑफिसर को बेडशीट नियमित रूप से बदलने, वार्डों को स्वच्छ रखने और बेड को सैनेटाइज करते रहने के निर्देश दिए गए। प्रसूति कक्ष में तीन में से दो बेबी वार्मर का उपयोग न होने पर भी अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने नाराजगी जताई। मेडिकल ऑफिसर ने जगह की कमी को इसका कारण बताया, जिस पर पंड्या ने मशीनों का समुचित उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सुविधाओं का लाभ लेने के लिए किया प्रोत्साहित
जननी वार्ड का निरीक्षण कर प्रसूताओं से बातचीत की और उन्हें प्रसूताओं व बालिका जन्म पर मिलने वाली सरकारी सुविधाओं का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया। डाटा ऑपरेटर को सभी जानकारियां समय पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए। मेडिकल ऑफिसर को संस्थान के प्रवेश द्वार के पास चिकित्सा संबंधी योजनाओं के प्रचार-प्रसार हेतु होर्डिंग, पोस्टर और आवश्यक पैम्फलेट लगाने के निर्देश दिए गए, ताकि आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी मिल सके। निरीक्षण के दौरान, अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने नवीन सामुदायिक स्वास्थ्य भवन का भी जायजा लिया। उन्होंने इसके शीघ्र लोकार्पण की कार्यवाही कर इसे उपयोग में लाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के समय मेडिकल ऑफिसर और अन्य स्टाफ मौजूद था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *