जोधपुर ग्रामीण की पुलिस ने बाडा़ कला गांव के स्वांगिया माता मंदिर में हुई चोरी की वारदात का खुलासा किया है। पुलिस ने पाली और बालोतरा के तीन शातिर नकबजन को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चांदी के छत्र और मुकुट बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अशोक पुत्र प्रतापराम खारवाल निवासी मेव जिला पाली, बजरंग सिंह पुत्र सुल्तान सिंह राजपूत निवासी गूगड़ी जिला बालोतरा और राजू सिंह पुत्र भंवर सिंह जाट निवासी खारडा भारतसिंह हाल बस स्टैंड बालोतरा के रूप में हुई। बता दे की आरोपियों ने 3 दिसंबर की रात को मंदिर की खिड़की तोड़कर मूर्ति पर लगे चांदी के छत्र और मुकुट चोरी कर लिए थे। इस पर मंदिर ट्रस्ट की रिपोर्ट पर भी पीपाड़ शहर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि उन्होंने वारदात से तीन दिन पहले मंदिर परिसर की रेकी की थी। फिलहाल पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ में कई अन्य वारदातों का खुलासा होने की भी उम्मीद है।


