अतिरिक्त मुख्य सचिव ने मदरसों, आवासीय स्कूलों का किया निरीक्षण:प्रधानमंत्री जन विकास योजना के कार्यों का लिया जायजा

अल्पसंख्यक मामलात विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अश्विनी भगत शनिवार को डीडवाना-कुचामन जिले के दौरे पर रहे। उन्होंने नावां, मकराना, कुचामन और डीडवाना में मुख्यमंत्री मदरसा आधुनिकीकरण योजना के तहत लाभान्वित मदरसों, आवासीय विद्यालयों और छात्रावासों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री जन विकास योजना के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त मुख्य सचिव भगत ने अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों से बातचीत की, उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद अश्विनी भगत ने कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने अल्पसंख्यक मामलात विभाग की विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा की और प्रधानमंत्री जन विकास योजना के तहत जनोपयोगी विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। भगत ने विभागीय छात्रावासों तक संपर्क सड़कों के निर्माण, पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने, मिड-डे मील की समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करने और छात्रावास परिसरों में पौधारोपण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने जिले में अल्पसंख्यक विभाग से संबंधित निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त किया। बैठक में जिला कलेक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत, पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर, अतिरिक्त जिला कलेक्टर मोहनलाल खटनावलिया, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी गोपाल जीनगर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *