अदाणी को कोल ब्लॉक की जमीन देने का विरोध:बैतूल आदिवासी कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन, मक्का ₹2400 प्रति क्विंटल खरीदने की मांग की

मध्यप्रदेश आदिवासी कांग्रेस, महिला कांग्रेस और जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को बैतूल में प्रदर्शन किया। शिवाजी चौक से रैली निकालते हुए कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे और डिप्टी कलेक्टर तृप्ति पटेरिया को दो अलग-अलग ज्ञापन सौंपे। यह प्रदर्शन प्रदेश आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष रामू टेकाम के नेतृत्व में किया गया। पहले ज्ञापन में किसानों की मक्का खरीदी का मुद्दा उठाया गया। आदिवासी कांग्रेस ने मांग की कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए मक्का की खरीदी ₹2400 प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य पर की जाए। ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान में किसानों को मक्का का दाम मात्र ₹1000 से ₹1400 प्रति क्विंटल तक मिल रहा है, जिससे वे आर्थिक तंगी और कर्ज के बोझ से जूझ रहे हैं। संगठन ने केंद्र और राज्य सरकार से मक्का को समर्थन मूल्य पर खरीदने की मांग की। अदाणी को कोल ब्लॉक की जमीन देने का विरोध दूसरे ज्ञापन में सिंगरौली जिले में अदाणी कंपनी को कोल ब्लॉक की भूमि दिए जाने का विरोध दर्ज कराया गया। आदिवासी कांग्रेस ने राष्ट्रपति के नाम भेजे ज्ञापन में कहा कि कोल माइंस के लिए आदिवासी समुदाय की पारंपरिक भूमि का अधिग्रहण उनके अधिकारों का उल्लंघन है। उन्होंने जोर दिया कि यह भूमि अनुसूचित जनजाति वर्ग के परिवारों की आजीविका का मुख्य स्रोत है और इसे कंपनियों को देना संविधान द्वारा दिए गए अधिकारों के खिलाफ है। ज्ञापन में मांग की गई कि आदिवासी क्षेत्रों में नए कोल ब्लॉक आवंटन और खदानों के विस्तार पर तत्काल रोक लगाई जाए। इसके साथ ही, वन अधिकार कानून (FRA) का पालन तय किया जाए और प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा और पुनर्वास प्रदान किया जाए। इस प्रदर्शन के दौरान प्रदेश अध्यक्ष रामू टेकाम, जिला अध्यक्ष गंगाराम आहिरे, महिला कांग्रेस, युवक कांग्रेस तथा आदिवासी कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने ‘आदिवासियों की जमीन, आदिवासियों की रहे’ और ‘किसान विरोधी नीतियां बंद करो’ जैसे नारे लगाए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *