अधिकतम तापमान में आठ से 11 डिग्री तक आएगी गिरावट, मौसम विभाग ने खड़ी फसल को नुकसान होने की संभावना व्यक्त की

भास्कर न्यूज | सरायकेला कोल्हान में 26 से 29 अप्रैल तक ओलावृष्टि, गर्जन, वज्रपात, आंधी व हल्की वर्षा की संभावना मौसम विभाग ने व्यक्त की है। इस दौरान हवा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी। मौसम विभाग ने ओलावृष्टि से बागवानी व खड़ी फसल को नुकसान होने की संभावना व्यक्त की है। इसके साथ ही खुले स्थानों पर रुके व्यक्ति व मवेशी घायल हो सकते हैं। सरायकेला-खरसावां जिले में शुक्रवार को 40 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। 28 व 29 अप्रैल को तापमान में आठ से 11 डिग्री तक अधिकतम तापमान में गिरावट आने की उम्मीद मौसम विभाग ने जताई है। 26 अप्रैल को 43 डिग्री सेल्सियस, 27 अप्रैल को 40 डिग्री सेल्सियस, 28 अप्रैल को 36 डिग्री सेल्सियस व 29 अप्रैल को 33 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहेगा। इस तरह करें बचाव : मौसम विभाग के अनुसार घर के अंदर रहें, खिड़कियां और दरवाजे बंद रखें। यदि संभव हो तो यात्रा से बचें। सुरक्षित आश्रय लें, पेड़ों के नीचे आश्रय न लें। कंक्रीट के फर्श पर न लेटें और कंक्रीट की दीवारों के सामने न रहें। विद्युत उपकरणों को अनप्लग करें, तुरंत जलस्रोतों से बाहर निकलें। बिजली का संचालन करने वाली सभी वस्तुओं से दूर रहें। ओलावृष्टि के समय सुरक्षित छायादार स्थान पर आश्रय लें और पशुओं को भी सुरक्षित छायादार स्थल पर बांधें। फिसलन व जलभराव वाली सड़कों पर यात्रा करते समय सावधानी बरतें। जलभराव की स्थिति में खड़ी फसलों से वर्षा के अधिक पानी के निकास की उचित व्यवस्था करें। तेज हवा व ओलावृष्टि के दुष्प्रभाव से बचने के लिए फसलों का पलवार करें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *