‘अधिकारी देते हैं गाली, मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे’:सतना में कीटनाशक पीकर आत्महत्या करने वाले रेलवे कर्मचारी की पत्नी का आरोप

सतना में रेलवे विभाग के एक ट्रॉली मैन ने कथित मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर कीटनाशक पीकर आत्महत्या का प्रयास किया है। कर्मचारी सुरेश कुमार कुशवाहा की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें सतना जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना बुधवार को हुई। सुरेश कुमार की पत्नी ने रेलवे अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनके अनुसार, ए.पी. सिंह और मुकेश मिश्रा नामक अधिकारी उनके पति को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। पत्नी ने बताया कि लगभग चार माह पूर्व सुरेश कुमार की तबीयत खराब हो गई थी, जिसके कारण वे करीब दो माह तक मेडिकल अवकाश पर रहे। ड्यूटी पर लौटने के बाद भी उनका स्वास्थ्य पूरी तरह ठीक नहीं था, जिससे वे पूरी क्षमता से काम नहीं कर पा रहे थे। आरोप है कि इसी बात को लेकर अधिकारी उन्हें लगातार परेशान कर रहे थे। पत्नी के मुताबिक, अधिकारी सुरेश कुमार के साथ गाली-गलौज करते थे और उन पर मानसिक दबाव बनाते थे। इस लगातार प्रताड़ना से टूटकर सुरेश कुमार ने बुधवार को कीटनाशक पी लिया। जब उनकी हालत बिगड़ी, तब परिजनों को घटना की जानकारी मिली और वे उन्हें तत्काल अस्पताल ले गए। फिलहाल, इस मामले पर रेलवे प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। परिजनों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *