भास्कर न्यूज | राजनांदगांव शिवनाथ नदी के तट पर शिवगंगा महाआरती का आयोजन प्रदोष तिथि की संध्या पर किया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ और मां गंगा की आरती कर परिवार में सुख-समृद्धि की कामना की। नदियों में जल बरकरार रहे, इसके लिए प्रार्थना की। साथ ही नदियों के संरक्षण और संवर्धन का संदेश दिया। देश में सुख-शांति के लिए भी प्रार्थना की गई। महाआरती पंडित अनिल तिवारी ने कराई। श्रद्धालुओं ने छत्तीसगढ़ी वाद्ययंत्रों की मधुर धुन पर पहले भगवान भोलेनाथ की आरती की। फिर मां गंगा की आरती करते हुए भीषण जल संकट को देखते हुए विशेष प्रार्थना की। संगीतकार दिनेश साहू ने कहा कि भगवान शिव और मां गंगा की महाआरती में योगदान देना उनका सौभाग्य है। उन्होंने कहा कि सभी को पानी को सहेजकर रखना होगा। शिवगंगा महाआरती के संस्थापक आलोक शर्मा ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य लोगों में नदियों के संरक्षण और संवर्धन की भावना जागृत करना है। संरक्षण के अभाव में नदियां विलुप्त हो रही हैं।


