भास्कर न्यूज | अनगड़ा प्रेम-प्रसंग मामले को लेकर थाना क्षेत्र के अंबाझरिया पंचायत के बेलजारा निवासी मुलायम अहीर (25) की हत्या कर शव को चंदवाटुंगरी पंचायत भवन के समीप फेंक दिया गया। मंगलवार की दोपहर में पुलिस ने उसका शव बरामद किया। लोगों ने हत्या का कारण प्रेम-प्रसंग की आशंका जताई। सोमवार की शाम से मुलायम अहीर घर से लापता था। शव पर कई गहरे जख्म के निशान देखकर हत्या की संभावना व्यक्त की जा रही है। इधर, घटना की जानकारी पर राहे प्रखंड जिला परिषद सदस्य बादल महतो और राहे प्रमुख लीलमनी देवी गांव पहुंचकर परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। पुलिस से मौत के हर एक बिंदु पर जांच करने की मांग की। मुलायम अहीर चार भाइयों में बड़ा था। पिता युधिष्ठिर अहीर के साथ कोलकाता में काम करता था। नवंबर माह में खेती-बाड़ी करने के लिए घर आया था। युवक की हत्या की सूचना पर परिजनों का रो कर बुरा हाल है। अनगड़ा थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा है। प्रेम-प्रसंग में हत्या किए जाने पर अनगड़ा थाना प्रभारी हीरालाल साह ने बताया कि अभी कुछ नहीं कह सकते हैं। पोस्टमार्टम के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। मौत के कारणों की छानबीन की जा रही है। लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। जल्दी ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।


